नागपुर न्यूज डेस्क: तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित प्रोड्यूसर अभिषेक अग्रवाल लगातार ऐसी फिल्में बनाते आए हैं, जो कंटेंट और कमर्शियल सक्सेस दोनों के लिहाज से मिसाल बनती हैं। अब उन्होंने सिनेमा की परिभाषा को ही बदलने की ठान ली है। नागपुर में आयोजित वेव्स 2025 इवेंट के दौरान अभिषेक अग्रवाल और विक्रम रेड्डी ने ‘द वर्ल्ड्स बिगेस्ट सिनेमा प्रोजेक्ट’ का ऐलान कर दिया है। ये प्रोजेक्ट न केवल तकनीकी रूप से भारत की ताकत को दिखाएगा, बल्कि इसे दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन वाला थिएटर भी कहा जा रहा है। इसी इवेंट में दोनों निर्माताओं ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात भी की।
इस ऐतिहासिक पहल पर बोलते हुए अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि इस सिनेमा प्रोजेक्ट के जरिए वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विज़न को आगे बढ़ा रहे हैं, जिसमें भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को वर्ल्ड-क्लास स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नागपुर में बनने वाला यह सिनेमा हॉल न सिर्फ तकनीक में आगे होगा, बल्कि लोगों के लिए एक यादगार अनुभव भी लेकर आएगा। अभिषेक ने इस प्रोजेक्ट को 'मेक इन इंडिया' मूवमेंट की शान बताते हुए कहा कि ये थिएटर जनता के लिए, जनता के द्वारा और जनता के सपनों से बना होगा।
यूवी क्रिएशंस के विक्रम रेड्डी ने भी इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्साह जाहिर किया। उन्होंने कहा कि नेल्लूर में भारत की सबसे बड़ी स्क्रीन बनाने के बाद अब नागपुर में दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन के साथ इतिहास रचने का समय आ गया है। अभिषेक अग्रवाल की बात करें तो उन्होंने 2018 में 'किर्राक पार्टी' से अपना प्रोडक्शन करियर शुरू किया था और 'गुडाचारी', 'सीता', 'A1 एक्सप्रेस' जैसी फिल्में बनाई थीं। 'द कश्मीर फाइल्स' की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद अब वो 'द दिल्ली फाइल्स: द बंगाल चैप्टर' के जरिए एक बार फिर समाज को झकझोरने की तैयारी में हैं।