नागपुर न्यूज डेस्क: नागपुर के लकड़गंज थाना क्षेत्र में सुनील होटल चौक के पास तेज रफ्तार टाटा ऐस की टक्कर से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बुजुर्ग काम खत्म करने के बाद घर लौट रहे थे और ट्रैफिक सिग्नल के पास सड़क पार कर रहे थे।
मृतक की पहचान शंकर श्रावणजी नागरे के रूप में हुई है। वह जालाराम मंदिर में काम करते थे। ड्यूटी खत्म करने के बाद वह सुनील होटल चौक के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी टाटा ऐस (MH-49-BZ-5314) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि शंकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही लकड़गंज पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के लिए जरूरी सबूत जुटाए। पुलिस ने टाटा ऐस चालक राजेंद्र अस्टनकर को गिरफ्तार कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच जारी है।