नागपुर न्यूज डेस्क: नागपुर में इस महीने किताबों का सबसे बड़ा उत्सव होने जा रहा है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय पुस्तक न्यास 22 से 30 नवंबर तक रेशीमबाग मैदान में भव्य नागपुर पुस्तक महोत्सव का आयोजन करेगा। इस मौके पर राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. माधवी खोड़े चवरे ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों से इसमें बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
हाल ही में विश्वविद्यालय के स्वायत्त विभागों, महाविद्यालयों और ग्रंथालयों के प्रतिनिधियों की एक ऑनलाइन बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता कुलसचिव डॉ. राजू हिवसे ने की। कुलगुरु डॉ. चवरे ने कहा कि यह महोत्सव पढ़ने की संस्कृति को मजबूत करने का एक सुनहरा अवसर है। बैठक में डॉ. समय बनसोड, डॉ. देवेंद्र भोंगाड़े, डॉ. राजश्री वैष्णव, डॉ. विजय खंडाल, डॉ. रविशंकर मोर और डॉ. प्रकाश ईटनकर जैसे शिक्षाविद भी मौजूद थे।
डॉ. समय बनसोड ने बताया कि इस बार महोत्सव में करीब 325 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लगभग 15 लाख पुस्तकें बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी। देशभर के नामी प्रकाशक इसमें भाग लेंगे। इसके साथ ही लिटरेचर फेस्टिवल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बच्चों के लिए विशेष कार्यशालाएँ भी आकर्षण का केंद्र होंगी।
इस महोत्सव में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और देशभर के प्रसिद्ध लेखक-साहित्यकार भी शामिल होंगे। वे संवाद सत्रों और विशेष चर्चाओं में भाग लेकर लोगों से जुड़ेंगे, जिससे यह आयोजन सिर्फ किताबों का नहीं बल्कि विचारों का भी उत्सव बनेगा।