नागपुर न्यूज डेस्क: नागपुर में शीतकालीन अधिवेशन चल रहा है और इसी दौरान अलग विदर्भ का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार द्वारा सत्र में यह विषय उठाने के बाद, राज्य कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्होंने ही कभी अलग विदर्भ की बात रखी थी, लेकिन अब इस पर चुप्पी साधे हुए हैं।
सपकाल के बयान का तीखा जवाब देते हुए राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कांग्रेस पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनावी हार का डर सता रहा है और विदर्भ में लगातार कमजोर होती स्थिति से वे बौखलाए हुए हैं। नगर पालिकाओं में जिस तरह उन्हें लोगों ने नकारा है, उसका असर उनके बयानों में साफ दिखता है।
बावनकुले ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को समझ नहीं आ रहा कि जनता के सामने कौन सा मुद्दा रखा जाए, इसलिए अब वे अलग विदर्भ का राग अलाप रहे हैं—जबकि यह मुद्दा कभी उनके राजनीतिक एजेंडे में शामिल ही नहीं रहा।
उन्होंने साफ कहा कि अलग विदर्भ का मुद्दा हमेशा से भारतीय जनता पार्टी का रहा है और उसी पर काम भी चल रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कई मौकों पर इसके समर्थन में बोल चुके हैं। बावनकुले ने तंज करते हुए कहा कि कुछ पार्टियाँ अब डर के चलते इस मुद्दे को उठाकर विदर्भ की जमीन में अपनी राजनीतिक खेती करने की उम्मीद लगा रही हैं।