नागपुर न्यूज डेस्क: रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में ड्रग्स सप्लाई से जुड़े मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अमलीडीह इलाके में युवकों को नशा उपलब्ध कराने वाला मुख्य आरोपी चंदन ठाकुर को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी करीब तीन महीने पहले छापेमारी के दौरान फरार हो गया था। हाल ही में उसके नागपुर में शादी के लिए आने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ड्रग्स कहां से लाता था और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है।
मामले में कार्रवाई की शुरुआत 22 दिसंबर 2025 को हुई थी, जब पुलिस को सूचना मिली थी कि अमलीडीह स्थित वरुण अपार्टमेंट के एक फ्लैट से ड्रग्स सप्लाई की जा रही है। इसके बाद पुलिस ने छापा मारकर शुभम राव, अमन शर्मा, शुभम धावड़े, पराग बरछा, मोहम्मद माजिद खान, नंदलाल ठाकुर और एक नाबालिग किशोरी को गिरफ्तार किया था।
छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 11.560 ग्राम ड्रग्स, चार मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि उन्हें चंदन ठाकुर और ऋषभ नामक व्यक्तियों से ड्रग्स की सप्लाई मिलती थी।
इसके बाद पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी, जिसमें अब चंदन ठाकुर की गिरफ्तारी हो चुकी है। हालांकि इस मामले में दूसरा आरोपी ऋषभ अभी भी फरार है और उसकी तलाश जारी है।