नागपुर न्यूज डेस्क: मध्यप्रदेश में बैतूल और हरदा जिले की सीमा पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम ढेकना के पास हर्रई क्षेत्र में करीब 8:30 बजे एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में नागपुर निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, चारों युवक उज्जैन के नलखेड़ा स्थित बगलामुखी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक को नींद का झोंका आने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और कार पलट गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
घायलों में अमन जायसवाल (26), जतिन कनोजिया (34), पारस और शुभम शामिल हैं। हादसे के वक्त अमन और शुभम पीछे की सीट पर सो रहे थे, जबकि पारस गाड़ी चला रहे थे। दुर्घटना के तुरंत बाद पीछे से आ रही टवेरा गाड़ी के चालक अंकित तिवारी (निवासी कल्याणपुर, बैतूल) ने मौके पर पहुंचकर घायलों को कार से बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
हादसे में घायल शुभम ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। अमन जायसवाल का हाथ फ्रैक्चर हुआ है, जबकि जतिन और पारस की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है। मृतक शुभम का शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है और परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।