नागपुर न्यूज डेस्क: महाराष्ट्र के नागपुर एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र सिक्योरिटी फोर्स (एमएसएफ) के एक जवान का 65 साल के ऑटो चालक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। 23 अक्टूबर को हुई इस घटना का वीडियो रविवार को सामने आया। वीडियो में जवान बुजुर्ग चालक का कॉलर पकड़कर उसे खींचते, धक्का देते और बार-बार मुक्के मारते हुए दिखाई दे रहा है। बीच-बचाव करने आए दूसरे ऑटो चालकों के साथ भी जवान ने मारपीट की। यह वीडियो वहां मौजूद एक अन्य ऑटो चालक ने बनाया था।
जवान की पहचान एसएआर सिंह के रूप में हुई है, जिसकी तैनाती नागपुर एयरपोर्ट पर थी। जानकारी के मुताबिक, 23 अक्टूबर को सुबह करीब 10:30 बजे दिल्ली से नागपुर आने वाली फ्लाइट डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी थी। यात्रियों को लेने के लिए करीब 10 से 12 ऑटो चालक एयरपोर्ट के आगमन प्रवेश द्वार के पास कैंटीन के नजदीक जमा थे।
दरअसल, एयरपोर्ट के प्रवेश द्वार के पास बने गुंबद की मरम्मत का काम चल रहा था। इसके चलते सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट प्रशासन ने उस इलाके में ऑटो और कैब की एंट्री पर रोक लगा दी थी। इसी दौरान वहां तैनात जवान सिंह ने ऑटो चालकों को वहां से हटने के लिए कहा। आरोप है कि उसने चालकों के साथ गाली-गलौज की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और जवान ने बुजुर्ग ऑटो चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना के बाद ऑटो चालकों ने संबंधित स्थानीय पुलिस थाने में जवान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।