नागपुर न्यूज डेस्क: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां होली के दौरान खेलते समय एक चार साल के मासूम पर उसकी ही दादी का गुस्सा भारी पड़ गया। आरोप है कि दादी ने गुस्से में बच्चे पर खौलता हुआ पानी डाल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
यह घटना 3 मार्च को नागपुर के कोराडी इलाके के आरामशिन क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 में हुई। बताया जा रहा है कि चार वर्षीय ओम हरीश वांगे घर के बाहर पेंट से भरी स्प्रे बोतल से खेल रहा था। खेलते-खेलते उससे गलती से पेंट उसकी दादी सिंधु ठाकरे पर पड़ गया, जिससे वह भड़क गईं।
पुलिस के मुताबिक उस समय महिला होली की लकड़ी पर पानी गर्म कर रही थी। गुस्से में आकर उसने कथित तौर पर वही खौलता पानी बच्चे पर डाल दिया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
इस हादसे में बच्चे के कमर के नीचे के हिस्से में गंभीर जलन हुई है और उसे नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे को लगभग 45 प्रतिशत तक जलने की चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में महिला के खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।