नागपुर न्यूज डेस्क: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर रेलवे स्टेशन से नागपुर–मडगांव द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नई रेल सेवा ने कोंकण रेलवे और सेंट्रल रेलवे नेटवर्क को जोड़ते हुए नागपुर और गोवा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा प्रदान की है। उन्होंने बताया कि ट्रेन को यात्रियों का शानदार प्रतिसाद मिला है और इसकी बुकिंग पहले ही 100 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
नितिन गडकरी ने उम्मीद जताई कि यदि यात्रियों का यही उत्साह और मांग बनी रही तो भविष्य में रेलवे इस सेवा को दैनिक ट्रेन में भी बदल सकता है। उन्होंने इस नई सेवा की शुरुआत के लिए प्रधानमंत्री, केंद्रीय रेल मंत्री और रेलवे अधिकारियों, विशेष रूप से मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), का आभार व्यक्त किया।
सेंट्रल रेलवे द्वारा संचालित यह ट्रेन 11203 और 11204 नंबर के तहत चलेगी। नागपुर–मडगांव एक्सप्रेस हर बुधवार और शनिवार को दोपहर 3:05 बजे नागपुर से रवाना होगी और अगले दिन शाम 5:45 बजे मडगांव पहुंचेगी। वहीं वापसी में यह ट्रेन गुरुवार और रविवार को रात 8 बजे मडगांव से चलेगी और अगले दिन रात 9:30 बजे नागपुर पहुंचेगी।
यह ट्रेन मार्ग में वर्धा, अकोला, भुसावल, नासिक रोड, पनवेल, रत्नागिरी, कणकवली और सावंतवाड़ी रोड सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। रेलवे को उम्मीद है कि इस नई सेवा से महाराष्ट्र और गोवा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधा मिलेगी।