नागपुर न्यूज डेस्क: पांढुर्णा शहर में गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में घायल हुए कलमगांव निवासी महादेव देवहारे का नागपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह निधन हो गया। यह हादसा अमरावती मार्ग के साइंस कॉलेज के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने तीन बाइकों को टक्कर मार दी थी।
इस घटना में कुल सात लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को नागपुर रेफर किया गया था। इनमें कलमगांव निवासी महादेव देवहारे और सुरेंद्र भारसकरे, ओमप्रकाश गाडगे, 9 वर्षीय लावण्या गाडगे और बिरोली निवासी महेश देशमुख शामिल थे। महादेव देवहारे की पैर की हड्डी टूट गई थी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घायलों ने बताया कि वे सभी पांढुर्णा से अपने-अपने गांव बाइक से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक के बाद एक तीन बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी अजय मरकाम ने बताया कि पुलिस ने पिकअप वाहन और तीनों बाइकों को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।