नागपुर न्यूज डेस्क: महाराष्ट्र के नागपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय से महज कुछ ही दूरी पर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। यह विस्फोटक गणेशपेठ इलाके में एक घर के बाहर लावारिस हालत में रखे एक बैग से मिला। इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे शहर में सनसनी फैल गई और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नागपुर में 'हाई अलर्ट' घोषित कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए बैग की जांच करने पर उसमें से 15 जिलेटिन की छड़ें, 58 डेटोनेटर और 8 कनेक्टर पाए गए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का रिहायशी इलाके और संवेदनशील मुख्यालय के पास मिलना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है। सूचना मिलते ही नागपुर पुलिस की भारी टुकड़ी, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और खोजी कुत्तों (Dog Squad) की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर दिया।
जांच दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह बैग वहां किसने और कब रखा था। आरएसएस मुख्यालय की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं ज्यादा कड़ी कर दी गई है और शहर के प्रवेश व निकास द्वारों पर नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहराई से जांच कर रही हैं कि क्या यह किसी आतंकी हमले की योजना का हिस्सा था या इसके पीछे कोई अन्य आपराधिक मंशा थी। नागपुर पुलिस के आला अधिकारी मामले की निगरानी कर रहे हैं और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने व किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की गई है।