नागपुर न्यूज डेस्क: IIIT नागपुर के एक 20 वर्षीय छात्र श्रेयस चंद्रकांत माने ने सोमवार तड़के कैंपस स्थित हॉस्टल की नौवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। कोल्हापुर का रहने वाला श्रेयस संस्थान में कंप्यूटर साइंस का द्वितीय वर्ष का छात्र था। घटना सुबह 4 बजे से 4:30 बजे के बीच हुई, जब हॉस्टल के अधिकांश छात्र नींद में थे।
पुलिस के अनुसार, छात्र कुछ ही दिनों में शुरू होने वाली अपनी सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर काफी तनाव में था और पढ़ाई पूरी न होने के कारण परेशान था। हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस इसे एक गंभीर मामला मानकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सहायक निरीक्षक नीलेश चौरे ने बताया कि फिलहाल एक्सीडेंटल डेथ (दुर्घटना) का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और छात्र के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सटीक कारणों और परिस्थितियों पर स्पष्टता मिल पाएगी।
इस दुखद घटना के बाद कैंपस में भारी संख्या में छात्र जमा हो गए, जो अपने सहपाठी को खोने के गम और सदमे में हैं। संस्थान में शोक की लहर है और पुलिस प्रशासन मामले की गहन छानबीन में जुटा है ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।