नागपुर न्यूज डेस्क: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज में घायल हुए नागपुर के युवक भारत बनाईत के परिवार ने घटना पर गहरा दुख और नाराजगी जताई है। परिवार का कहना है कि अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार करना गलत है और सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए।
नागपुर के भगवान नगर निवासी 27 वर्षीय भारत बनाईत केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए थे। परिवार का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भारत पुलिस की मार झेलते हुए दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद भारत ने अपनी मां को फोन कर बताया, "मां, मुझे बहुत मारा है, बहुत दर्द हो रहा है। थोड़ा ठीक होने के बाद घर लौटूंगा, आप चिंता मत करना।" यह सुनकर परिवार बेहद परेशान हो गया।
भारत की मां वनिता बनाईत ने बताया कि उन्होंने पहले ही बेटे को दिल्ली जाने से मना किया था। इस पर भारत ने कहा था, "क्या किसी की मदद करना गलत है? मैं लोगों की मदद करने जा रहा हूं।" परिवार का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने के बावजूद उनके बेटे के साथ मारपीट की गई।
वनिता बनाईत ने कहा कि उनके बेटे को पकड़कर दो बार पीटा गया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि छात्र सिर्फ अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, तो उनके साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया गया। भारत के पिता कमलाकर बनाईत ने भी घटना की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।