नागपुर न्यूज डेस्क: मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। कोंकण क्षेत्र के पालघर, मुंबई और सिंधुदुर्ग जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों में मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी महाराष्ट्र के धुले, नंदुरबार, जलगांव, नासिक और अहिल्यानगर में हल्की बारिश हो सकती है, तथा नासिक के घाटमाथा क्षेत्र में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
पश्चिमी महाराष्ट्र के पुणे, सतारा, सांगली, कोल्हापुर और सोलापुर जिलों के साथ-साथ मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर, बीड, नांदेड, लातूर और धाराशिव जिलों में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं हिंगोली, परभणी और जालना में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। दूसरी ओर, विदर्भ क्षेत्र के अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, वाशिम, यवतमाल, वर्धा और नागपुर जिलों के लिए मौसम विभाग द्वारा कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
उधर, पश्चिम बंगाल में बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव (Deep Depression) के कारण सोमवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने कोलकाता और आसपास के इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के चलते कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे दफ्तर जाने के समय भीषण ट्रैफिक जाम लग गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि तटीय पश्चिम बंगाल पर बना यह दबाव मंगलवार तक झारखंड की ओर बढ़ जाएगा। स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने मंगलवार तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। आंकड़ों के अनुसार, सोमवार शाम तक डायमंड हार्बर में सबसे अधिक 84 मिमी बारिश दर्ज की गई।