नागपुर न्यूज डेस्क: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार को एक विस्फोटक बनाने वाली फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हुए हैं। धमाका काटोल तहसील के राऊलगांव स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड की फैक्ट्री में हुआ। यह कंपनी खनन और औद्योगिक इस्तेमाल के लिए विस्फोटक बनाती है।
धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्री में काफी नुकसान हुआ और बड़ी संख्या में लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद घायलों को तुरंत इलाज के लिए नागपुर के अस्पतालों में भेजा गया। मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है।
धमाके की वजह अभी साफ नहीं
नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने 17 लोगों की मौत और 18 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी तक धमाके की सही वजह सामने नहीं आई है। बचाव दल मौके पर मलबा हटाने और प्रभावित लोगों की मदद में जुटे हुए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। इसके अलावा पीईएसओ और डीआईएसएच की टीमें भी जांच और राहत कार्य में शामिल हैं।
पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों और घायलों के लिए आर्थिक मदद का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई है।
महाराष्ट्र सरकार देगी 5 लाख रुपये की मदद
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद बताया। उन्होंने कहा कि वह लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे थे और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को महाराष्ट्र सरकार की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इसके अलावा संबंधित कंपनी भी हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को आर्थिक मदद देगी।
फडणवीस ने घटना की पूरी जांच के आदेश दिए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि फैक्ट्री में धमाका किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे क्या वजह थी।