नागपुर न्यूज डेस्क: महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) ने समृद्धि महामार्ग के आखिरी हिस्से को आखिरकार शुरू करने का फैसला कर लिया है। 5 जून, गुरुवार को इगतपुरी से ठाणे तक के 76 किलोमीटर के हिस्से को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इस फेज के शुरू होते ही नागपुर से मुंबई तक की दूरी कम समय में तय की जा सकेगी। यह हिस्सा एक महीने पहले ही तैयार हो गया था, लेकिन सरकार चाहती थी कि इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करें, इसलिए इसे रोक कर रखा गया था।
हालांकि अब पीएम की ओर से समय नहीं मिलने पर सरकार ने बिना किसी बड़े समारोह के इसे शुरू करने का निर्णय लिया है। MSRDC के वरिष्ठ अधिकारियों ने जानकारी दी कि 5 जून को यह मार्ग वाहनों के लिए चालू कर दिया जाएगा। समृद्धि महामार्ग कुल 701 किलोमीटर लंबा है, जिसमें से अब तक 625 किलोमीटर का रास्ता चालू हो चुका है। पहले फेज में नागपुर से शिर्डी के बीच का 520 किमी रास्ता और फिर शिर्डी से भरवीर (80 किमी), उसके बाद भरवीर से इगतपुरी (25 किमी) के बीच का रास्ता खोल दिया गया था।
इस पूरे महामार्ग के चालू हो जाने के बाद मुंबई से नागपुर तक का सफर अब केवल 7 से 8 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। पहले जहां यह यात्रा 14 से 16 घंटे लेती थी, अब इसमें आधा समय ही लगेगा। इसके अलावा नासिक और शिर्डी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह हाइवे बेहद राहत लेकर आया है। पहले मुंबई से शिर्डी की दूरी तय करने में करीब 7 से 8 घंटे लगते थे, अब यह यात्रा 5 घंटे में पूरी हो जाएगी।
मुंबई के करीब समृद्धि महामार्ग को जोड़ने के लिए भिवंडी और ठाणे के नेशनल हाइवे को चौड़ा किया जा रहा है, जिससे मुंबई के भीतर से भी इस हाइवे तक पहुंचना आसान हो जाएगा। सरकार का मानना है कि इस महामार्ग से न सिर्फ ट्रैवल टाइम कम होगा, बल्कि लॉजिस्टिक्स और व्यापार के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।