नागपुर न्यूज डेस्क: अयोध्या के राम मंदिर की दानपेटी में कथित चोरी के मामले को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे शनिवार को नागपुर में 'रामरक्षा पाठ' आंदोलन कर रहे हैं। इस आंदोलन को लेकर जैन मुनि निलेशचंद्र और भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद नवनीत राणा ने उन पर तीखी टिप्पणी की है।
जैन मुनि निलेशचंद्र ने एक समाचार चैनल से बातचीत में दावा किया कि उद्धव ठाकरे रामरक्षा का सही ढंग से पाठ भी नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि राम मंदिर से जुड़े मुद्दों का समाधान संबंधित लोग और श्रद्धालु स्वयं करेंगे। साथ ही उन्होंने उद्धव ठाकरे की राजनीति पर भी सवाल उठाए।
वहीं, पूर्व सांसद नवनीत राणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि जब अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ और लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे, तब उद्धव ठाकरे वहां नहीं गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अब राजनीतिक परिस्थितियां बदलने के बाद उन्हें राम और रामरक्षा की याद आई है। राणा ने यह भी कहा कि उद्धव ठाकरे "रामरक्षा नहीं, बल्कि पक्षरक्षा" कर रहे हैं।
उधर, नागपुर के रामनगर स्थित राम मंदिर में आयोजित रामरक्षा पाठ आंदोलन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को भगवा झंडों और फूलों से सजाया गया है तथा आंदोलन से जुड़े पोस्टर और होर्डिंग भी लगाए गए हैं।
राम मंदिर की दानपेटी में कथित चोरी के मामले को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।